देहरादून। उत्तराखंड में आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से SDRF द्वारा आपदा मित्रों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक कौशल सिखाए जा रहे हैं।प्रशिक्षण कार्यक्रम में आपदा मित्र पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग ले रहे हैं। SDRF के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है। इसमें भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव के तरीके, प्राथमिक उपचार, मेडिकल फर्स्ट रिस्पांडर की भूमिका, घायलों का प्राथमिक आकलन एवं सुरक्षित स्थानांतरण, सीपीआर, खोज एवं बचाव अभियान तथा आग से सुरक्षा के उपाय शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को आपदा के समय सुरक्षित निकासी, आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानियां बरतने और राहत-बचाव कार्यों के दौरान विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण सत्रों में सक्रियता दिखाते हुए आवश्यक बचाव कौशल विकसित कर रहे हैं।इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ऐसे कुशल एवं जिम्मेदार स्वयंसेवक तैयार करना है, जो किसी भी आपदा की स्थिति में प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (First Responder) के रूप में तत्काल सहायता उपलब्ध करा सकें और SDRF सहित अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों के कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग दे सकें।
