मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति एवं जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे रही हैं। उन्होंने चमोली की गौरा देवी और अन्य महिलाओं द्वारा शुरू किए गए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता लागू करना भी महिलाओं को समान अधिकार दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है। वहीं, बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसकी प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी और पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति अभियान में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मधुमक्खी पालन, खेती, बांस उत्पाद निर्माण और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली भुवना देवी, रामेश्वरी देवी, उषा देवी और लीला देवी को सम्मान मिला।कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा।
प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण तथा हापला-मसौली से गुडम नैल और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है। वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर की कार्यशाला, गौचर एवं उर्गम की स्वास्थ्य इकाइयां, राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाएं और कक्षा-कक्ष तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से जुड़े कार्य शामिल रहे।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
