मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर अपने परिवार के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल माध्यम से अपने परिवार का आवश्यक विवरण दर्ज किया और प्रदेशवासियों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के माध्यम से एकत्रित होने वाले आंकड़े प्रदेश की भावी विकास नीतियों और योजनाओं के निर्धारण का आधार बनते हैं। उत्तराखण्ड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां जनसंख्या से संबंधित सटीक जानकारी जुटाना बेहद आवश्यक है। विशेष रूप से पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था के लिए स्थानीय आबादी और उसकी जरूरतों का सही आकलन होना जरूरी है। इससे विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने और संसाधनों का उचित वितरण करने में मदद मिलती है।उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 में डिजिटल व्यवस्था को शामिल करना एक सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा न केवल आम लोगों की भागीदारी को आसान बनाएगी, बल्कि जनगणना से जुड़ी जानकारियों को एकत्र करने की प्रक्रिया को भी सरल और सुविधाजनक बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे स्व-गणना के दौरान सभी आवश्यक जानकारियां सही तरीके से उपलब्ध कराएं और निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने यह भी कहा कि घर-घर जाकर जनगणना करने वाले कर्मचारियों को पूरा सहयोग देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी परिवारों की सहभागिता से एकत्रित आंकड़ों की प्रमाणिकता और सटीकता सुनिश्चित की जा सकेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से मिलने वाली जानकारी भविष्य में उत्तराखण्ड की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे राज्य में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर नियोजन करने और विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की दिशा तय करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेशवासी इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके पश्चात 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना की जाएगी।इस अवसर पर सचिव जनगणना श्री दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक श्री प्रवीण कुमार, श्री राजू कुमार बनवारी एवं सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार मौजूद रहे।
