देहरादून। आगामी सर्दियों, संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में सुरक्षा, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग को समन्वय बनाकर इस कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही गरीब, असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को समय पर कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण और वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तीन माह का राशन अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में संभावित बर्फबारी एवं मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण किया जाए, ताकि खराब मौसम में स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।जिलाधिकारी ने जनपद के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित करने और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने को कहा, जिससे ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बर्फबारी प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को नजदीकी अस्पतालों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर पहले से ठहराने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही चिकित्सकों की सूची, मोबाइल नंबर और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने को कहा।उन्होंने अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, गर्माहट की सुविधाओं और एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया।
बर्फबारी के दौरान सड़कों और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक मशीनरी एवं संसाधन पहले से तैयार रखने को कहा। उन्होंने जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर के साथ नमक और चूने का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने तथा सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों और वाहन चालकों की ड्यूटी निर्धारित करने को भी कहा। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने शीतकाल में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संभावित सड़क अवरोध, अत्यधिक ठंड और खराब मौसम की स्थिति में पर्यटकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे ट्रैकिंग मार्गों को चिह्नित करने को कहा, जहां मौसम खराब होने पर पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पशुओं की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयां और उपचार सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने शीतलहर एवं पाले से पशुओं को बचाने के लिए सुरक्षित आश्रय, नियमित देखभाल और चारा बैंकों में पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने, नियमित समीक्षा करने और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से तैयारियों की स्थिति का जायजा लेने को कहा। उन्होंने जनपदवासियों को शीतलहर, बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के लिए सभी विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन विभाग, विद्युत और पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
