गैरसैंण में राज्य स्थापना दिवस समारोह, मुख्यमंत्री धामी ने की 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं.

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चमोली जनपद के भराड़ीसैंण (गैरसैंण) स्थित विधानसभा भवन परिसर में आयोजित समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को नमन किया।मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्राकृतिक आपदाओं में दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया और कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 26 वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और रोपवे परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 सीमांत गांवों में लगभग 200 योजनाएं संचालित हैं।स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य जारी है। अटल आयुष्मान योजना के तहत 63 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं। इसके अलावा लगभग 1,300 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं और 226 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं।
रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने सैनिकों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाने और खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2022 के लगभग 2.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य का बजट 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, भू-कानून और नकल विरोधी कानून को भी महत्वपूर्ण निर्णय बताया।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और लोकगायक स्वर्गीय श्री गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके साथ ही कृषि, उद्यानिकी, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और पुरस्कार प्रदान किए गए।

राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने 13 घोषणाएं कीं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि, लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार के लिए प्रोत्साहन राशि, वन्यजीव हमलों में घायलों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणाएं शामिल हैं।इसके अलावा सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने, निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल बनाने, 'अपुणि सरकार' पोर्टल को प्रभावी बनाने, छोटे किसानों एवं बिजली उपभोक्ताओं का विलंबित भुगतान सरचार्ज माफ करने और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई। लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी एवं स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान देने और राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने का भी ऐलान किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Trending Now