उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को लेकर चार बड़े फैसले, आग से प्रभावित परिवारों को भी मिलेगी राहत.

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों के अनुसार आर्थिक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रम में इन घोषणाओं की जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन और जनभागीदारी दोनों जरूरी हैं। इसके तहत भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित कर्मी आम लोगों को आपदा से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करेंगे।

शिक्षण संस्थानों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से आपदा सुरक्षा की जानकारी दी जा सकेगी।मुख्यमंत्री ने आपदाओं और सड़क हादसों के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत एवं बचाव कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उन्होंने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक बनावट और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण प्रदेश में आपदा प्रबंधन एक निरंतर चुनौती है। इसलिए केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहले से तैयारी करना और लोगों को जागरूक बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित तंत्र को सक्रिय होकर प्रभावितों तक तत्काल सहायता पहुंचानी चाहिए।पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश में आई विभिन्न आपदाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और केंद्र एवं राज्य सरकार की एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य किए हैं।सिलक्यारा सुरंग हादसे को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी को सुरक्षित निकालना चुनौतीपूर्ण अभियान था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य की एजेंसियों ने मिलकर बचाव कार्य किया। प्रधानमंत्री अभियान की प्रगति पर लगातार जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी कठिनाइयां आईं। श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए एक साथ अलग-अलग वैकल्पिक उपाय अपनाए गए और देश-विदेश के विशेषज्ञों की मदद ली गई। लगभग 17 दिनों के प्रयास के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री ने इस सफलता में बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों की मेहनत और सरकारों के समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने भूकंप की आशंका को देखते हुए प्रदेश में भूकंप संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी बल दिया।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए पहले से तैयारी, समय पर प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सिलक्यारा अभियान को मानवीय संवेदनशीलता, धैर्य और विभिन्न स्तरों पर बेहतर टीम वर्क का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय लोगों की भागीदारी और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने की जरूरत है। आपदा प्रबंधन के अनुभवों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने पर भी उन्होंने जोर दिया।सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के जरिए राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था, सिलक्यारा बचाव अभियान, जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में 133 क्यूआरटी गठित हैं, जिनमें 2,250 सदस्य कार्यरत हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भण्डारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Trending Now